एजेंसी/लंदन| Archaeological Rediscovery-स्कॉटलैंड के आइल ऑफ ब्यूट द्वीप के रूबोडाच इलाके में खेत जोतते समय एक किसान को 4000 साल पुरानी कांस्य युग की कब्र मिली है, जिसने इतिहास की परतें फिर से खोल दी हैं।
हैरानी की बात यह है कि यह कब्र कोई नई खोज नहीं थी। इसे करीब 160 साल पहले भी खोजा गया था, लेकिन समय के साथ यह स्थान लोगों की यादों से मिट गया और खेत में तब्दील हो गया। 1863 से पहले की खुदाई में यहां पत्थर से बना एक सिस्ट यानी चैंबर मिला था, जिसमें से एक मानव खोपड़ी निकालकर लंदन भेजी गई थी। बाकी कंकाल वहीं छोड़ दिए गए और धीरे-धीरे यह जगह भुला दी गई।
साल 2022 में जब एक किसान खेत में हल चला रहा था, तो उसे फिर से मानव हड्डियां दिखाई दीं। पुरातत्व विभाग को सूचना दी गई और एओसी आर्कियोलॉजी ग्रुप की टीम ने दोबारा खुदाई शुरू की। जांच में सामने आया कि कब्र में एक नहीं, बल्कि दो लोगों के अवशेष मौजूद हैं-एक पुरुष और एक महिला।
वैज्ञानिक परीक्षण से पता चला कि पुरुष की उम्र मौत के समय 35 से 50 वर्ष के बीच रही होगी और उसका कद करीब 5 फुट 6 इंच था। वह शारीरिक रूप से स्वस्थ था, जिससे संकेत मिलता है कि वह अपने समय में अच्छा जीवन जी रहा था। दूसरा कंकाल एक युवा महिला का पाया गया है।
दिलचस्प बात यह है कि दोनों को एक साथ दफन नहीं किया गया था। पहले पुरुष को दफनाया गया और कुछ वर्षों बाद उसी कब्र को फिर से खोलकर महिला को उसमें दफनाया गया। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परंपरा उस दौर की सामाजिक या पारिवारिक मान्यताओं से जुड़ी हो सकती है।
यह खोज कांस्य युग की दफन परंपराओं पर नई रोशनी डालती है और उस रहस्यमय खोपड़ी की कहानी को फिर चर्चा में लाती है, जो लंदन भेजे जाने के बाद इतिहास के पन्नों में खो गई थी। अब पुरातत्वविद इस कब्र और उससे जुड़े तथ्यों पर गहन शोध कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें-Time Travel Theory: वर्महोल और क्वांटम भौतिकी में समय यात्रा की संभावना

Theconnect24 के व्हॉट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें


