एजेंसी/नई दिल्ली| India Cold Wave 2025-साल का अंत भारत के कई हिस्सों में कड़कड़ाती ठंड, घने कोहरे और बारिश की दोहरी मार के साथ हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों जैसे पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी का अनुमान है।
दिल्ली में बुधवार सुबह घने कोहरे की चादर छाई रही, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई और यातायात प्रभावित हुआ। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और सिक्किम जैसे राज्यों में 2 से 5 जनवरी तक घना कोहरा बना रहेगा। ओडिशा में 1 जनवरी तक शीत लहर चलने की आशंका है, जो नए साल के जश्न को प्रभावित कर सकती है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी यूपी में 2 जनवरी तक सुबह-शाम घना कोहरा छा सकता है। हिमाचल प्रदेश में 1 जनवरी को शीत दिवस रहने की संभावना है, जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार में फिलहाल ठंड से राहत नहीं मिलेगी।
तापमान को लेकर वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन उसके बाद 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। मध्य भारत में भी तापमान बढ़ेगा, जबकि पूर्वी भारत में जैसे झारखंड में धीरे-धीरे तापमान में सुधार होगा।
कुल मिलाकर, उत्तर से पूर्व तक पूरा भारत इस समय मौसम के सख्त मिजाज का सामना कर रहा है। कोहरा, बारिश और बर्फबारी के चलते यात्रा, स्वास्थ्य और जनजीवन पर असर पड़ सकता है।

Theconnect24 के व्हॉट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें


