एजेंसी/नई दिल्ली| Youth Mental Health India – देश में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं। इंडियन साइकियाट्रिक सोसाइटी की नेशनल कॉन्फ्रेंस में पेश किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत में करीब 60 प्रतिशत मानसिक रोगी 35 वर्ष से कम उम्र के हैं। यानी मानसिक समस्याएं अब युवाओं को कम उम्र में ही प्रभावित कर रही हैं। पहले जहां मानसिक बीमारियों के लक्षण 40-50 साल की उम्र में दिखते थे, वहीं अब औसतन 19-20 साल की उम्र में ही इसके संकेत सामने आने लगे हैं।
रिपोर्ट में बताया गया कि एंजायटी, डिप्रेशन, नशे की लत और बिहेवियरल डिसऑर्डर युवाओं की पढ़ाई, करियर और निजी जीवन पर गहरा असर डाल रहे हैं। खासतौर पर वे युवा, जो शिक्षा पूरी कर नौकरी और भविष्य की दिशा तय करने के दौर में हैं, सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ने से अधिक युवा इलाज के लिए सामने आ रहे हैं, जो सकारात्मक संकेत है। लेकिन साथ ही यह भी सच है कि मानसिक समस्याओं की रफ्तार कहीं ज्यादा तेज हो गई है।
कारणों पर नजर डालें तो पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं का दबाव, नौकरी और भविष्य को लेकर अनिश्चितता, मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन का अत्यधिक उपयोग, बढ़ता अकेलापन और नशे की आदतें युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रही हैं।
साल 2021 में किए गए एक बड़े मेटा-एनालिसिस में करीब 7 लाख लोगों के डेटा का अध्ययन किया गया था, जिसमें पाया गया कि ज्यादातर मानसिक रोग 25 साल की उम्र तक सामने आ जाते हैं। इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड अलाइड साइंसेज के पूर्व निदेशक डॉ. निमेष देसाई ने चेतावनी दी कि समय पर इलाज न मिलने पर मानसिक समस्याएं जीवनभर का बोझ बन सकती हैं।
शुरुआती दौर में इन्हें आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है, लेकिन देर होने पर ये क्रॉनिक रूप ले लेती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 18 से 25 साल के युवाओं में आत्महत्या का खतरा बढ़ रहा है और कोविड-19 के बाद आर्थिक अनिश्चितता ने हालात को और बिगाड़ दिया है।

Theconnect24 के व्हॉट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
डिस्कलेमर: धर्म संग्रह, ज्योतिष, स्वास्थ्य, योग, इतिहास, पुराण सहित अन्य विषयों पर Theconnect24.com में प्रकाशित व प्रसारित आलेख, वीडियो और समाचार सिर्फ आपकी जानकारी के लिए है, जो विभिन्न प्रकार के स्त्रोत से लिए जाते हैं। इनसे संबंधित सत्यता की पुष्टि Theconnect24.com नहीं करता है। ज्योतिष और सेहत के संबंध में किसी भी प्रकार का प्रयोग करने से पहले अपने विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इस सामग्री को Viewers की दिलचस्पी को ध्यान में रखकर यहां प्रस्तुत किया गया है, जिसका कोई भी scientific evidence नहीं है।


